काशीपुर। एक उप प्रधान का शव खेत में पड़ा मिला। मौके पर हाईटेंशन लाइन के तार टूटे मिले। आशंका जताई गई है कि करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हुई है। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है।
कुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम किलावली निवासी उप प्रधान सपिंदर सिंह उर्फ मोंटी (37) पुत्र जोगेंद्र सिंह बीती 23 मार्च को सुबह आठ बजे घर से खेत पर जाने की बात कहकर निकला था। काफी देर बाद भी वह वापस नहीं लौटा। दोपहर बाद किसी ने सूचना दी कि खेत में सपिंदर का शव पड़ा है। सूचना पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। वहां 11 केवीए हाईटेंशन लाइन का तार टूटा पड़ा था। करंट लगने के कारण सपिंद्र की मौत होना बताई गई है। मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा दो पुत्र भी हैं। संवाद