पुलिस ने सेना भर्ती की अग्निपथ योजना का विरोध करने वाले युवाओं से संयम बरतने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि कोई भी युवा अराजक तत्वों के बहकावे मेें आकर हिंसक आंदोलन में शामिल न हो। किसी प्रकार के संवैधानिक तरीके से विरोध-प्रदर्शन करने के लिए पुलिस की अनुमति जरूरी होगी।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि सेना भर्ती की अग्निपथ योजना की सही जानकारी लिए बगैर कई युवा सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक सूचनाओं का आदान-प्रदान कर रहे हैं। एसएसपी ने सभी थानाध्यक्षों को अराजक तत्वों पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है, तो उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी ने सभी थानाध्यक्षों को अन्य राज्यों में होने वाली प्रतिक्रिया पर सतर्क दृष्टि रखने, योजना का विरोध करने वाले छात्र समूहों और कोचिंग संस्थानों से समन्वय करने के निर्देश देते हुए कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।