लंबगांव में बाजार में जाम में फंसे वाहन।
- फोटो : NEW TEHRI
पुलिस प्रशासन के लाख दावों के बाद भी लंबगांव के लोगों को जाम की समस्या से राहत नहीं मिल पा रही है। बृहस्पतिवार को बाजार में जाम लगने से लोग डेढ़ घंटे तक जाम के बीच जूझते रहे। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन के ट्रैफिक प्लान पर सवाल उठाते हुए कहा कि चालान करने से व्यवस्था सुधरने वाली नहीं है। व्यापारियों ने नया ट्रैफिक प्लान तैयार न करने पर कड़ा आक्रोश व्यक्त किया। नगर पंचायत से जल्द पार्किँग निर्माण पूरा करने की मांग की।
बृहस्पतिवार को अपराह्न एक बजे मुख्य बाजार में लंबा जाम लगने से वाहन रेंगते रहे। हालांकि चौराहे पर पुलिस तैनात दिखे, लेकिन वह भी गांवों से खरीदारी करने बाजार पहुंचे लोगों और स्कूल से छुट्टी के वक्त घर जाने वाले छात्र-छात्राओं को जाम से राहत दिलाने में नाकाम रहे। पुलिस प्रशासन की लचर ट्रैफिक व्यवस्था पर व्यापार मंडल अध्यक्ष युद्धवीर राणा ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया। कहा कि कई बार जाम की समस्या के निपटने के लिए पुलिस से नया ट्रैफिक प्लान तैयार करने की मांग की गई, लेकिन पुलिस प्रशासन स्थानीय लोगों और व्यापारियों की समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहे है। जिसका खामियाजा क्षेत्र के लोगों को भुगतान पड़ रहा है। इस बाबत थानाध्यक्ष कुलदीप शाह ने बताया कि जाम की समस्या को लेकर जल्द ही टैक्सी यूनियन और व्यापार मंडल की संयुक्त बैठक बुलाई जाएगी। बैठक में नया ट्रैफिक प्लान के संबंध में निर्णय लेकर अमल किया जाएगा।