भिलंगना ब्लाक में बूढ़ाकेदार क्षेत्र के ग्राम पंचायत तोली और जखाणा को लंबे समय बाद सड़क की सौगत मिली है। दोनों गांवों के रोड से जुड़ने पर ग्रामीणों ने लोनिवि का आभार जताया है। सड़क पहुंचने से अब ग्रामीण बूढ़ाकेदार और विनयखाल बाजार आसानी से आवागमन कर सकेंगे।
तोली गांव के प्रधान सुमेर सिंह जिरवाण ने बताया कि तोली और जाखाणा गांव के आसपास सड़क पूर्व में ही पहुंच चुकी थी, उसके बाद से बीच के इन दोनों गांवों को सड़क से जोड़ने की मांग करते आ रहे थे, लंबे संघर्ष के बाद कोटविशन और विनयखाल से दो किमी रोड कटिंग शुरू की गई। जिसका प्रथम चरण का कार्य 28 मई को पूरा हो गया। रिंग रोड के बनने से जहां तोली और जखाणा गांव सड़क से जुड़ गए हैं, वहीं विनयखाल-बूढ़ाकेदार का आवागमन भी आसान हो गया है। तोली के ग्रामीणों ने लोनिवि के अधिशासी अभियंता जगदीश खाती का स्वागत कर आभार जताते हुए रोड का जल्द डामरीकरण करने की मांग की है। अभियंता ने बताया कि 52 लाख रुपये की लागत से प्रथम चरण का कार्य किया गया है, अब जल्द ही डामरीकरण का कार्य शुरू करने का प्रयास किया जाएगा। इस मौके पर ग्राम तोली के सुरेंद्र जिरवाण, भरत सिंह पंवार, हिम्मत सिंह रौतेला, नरेंद्र सिंह, संतोष रावत, डबल सिंह राणा, बचन सिंह लेखवार और गजेंद्र नेगी आदि मौजूद थे।