ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन से उत्पन्न हुई समस्याओं को लेकर कांग्रेस पदाधिकारियों की तहसील प्रशासन, रेलवे विकास निगम, एलएनटी, मैक्स और नव युगा कंपनियों की संयुक्त बैठक हुई। उन्होंने कहा कि लंबे समय से ऋषिकेश से भरपूर तक टिहरी जिले में आ रही रेल लाइन के कारण कई समस्या बनी हुई है, लेकिन समस्याओं का निराकरण नहीं किया जा रहा है। रेलवे और तहसील प्रशासन ने जरूरी समस्याओं का जल्द निराकरण का भरोसा दिया।
मंगलवार को तहसील सभागार में पूर्व मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने एसडीएम नरेंद्रनगर देवेंद्र नेगी की देखरेख में रेल विकास निगम लिमिटेड, एलएनटी, मैक्स और नव युगा कंपनियों के अधिकारियों के साथ बैठक की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु बिजल्वाण, पूर्व प्रमुख वीरेंद्र सिंह कंडारी ने भूमि अधिग्रहण करने के बाद काश्तकारों की शेष बची भूमि के लिए वैकल्पिक मार्ग बनाने, भरपूर पट्टी क्षेत्र में रेल निर्माण से बंद हुए पैतृक घाटों के रास्तों को खुलवाने सहित अन्य समस्याओं के निराकरण की मांग उठाई। इस मौके पर रेल विकास निगम के अपर निदेशक विजय डंगवाल, मुख्य प्रोजेक्ट मैनेजर ओपी मालगुडी, सीनियर डीजीएम भूपेंद्र सिंह, पूर्व पालिकाध्यक्ष राजेंद्र सिंह राणा, शिव शंकर रयाल, विकास रयाल, उत्तम असवाल, मुकेश चौहान आदि मौजूद थे।