बांध प्रभावित क्षेत्र प्रतापनगर की डेढ़ लाख की आबादी को जरूरत पड़ने पर जल्द ऑक्सीजन की सुविधा मिल जाएगी। सांसद निधि से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौंड में 50 लाख की लागत से 250 एलपीएम क्षमता का ऑक्सीजन प्लांट का निर्माण किया जा रहा है। इस प्लांट से 25 बेडों के लिए ऑक्सीजन की आपूर्ति हो सकेगी। साथ ही 100 सिलिंडर रिफिल हो सकेंगे।
इस प्लांट के लिए टिहरी सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह ने सांसद निधि से 50 लाख रुपये की राशि दी थी। यहां ऑक्सीजन मशीन स्थापित हो चुकी है, जबकि 25 ऑक्सीजन बेड तैयार किए जा रहे हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी टिहरी डा. संजय जैन ने बताया कि 10 से 15 दिन में सभी निर्माण कार्य पूरे हो जाएंगे। इसके बाद लोगों को ऑक्सीजन की सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी।