नरेंद्रनगर (टिहरी)। अटल आयुष्मान योजना के तहत श्रीदेव सुमन राजकीय उप जिला चिकित्सालय में निशुल्क ऑपरेशन की सेवा शुरू हो गई है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनिल नेगी ने बताया कि अटल आयुष्मान योजना के तहत अब अस्पताल में हड्डी रोगों से जुड़े हर प्रकार के शल्य चिकित्सा निशुल्क की जा रही है। योजना के तहत पिछले कुछ दिनों में दो बड़े ऑपरेशन किए जा चुके हैं।
हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. नरेश गुलवानी व निश्चेतक डॉ. शिवानी रमोला की टीम ने चंबा जड़धार गांव निवासी सुंदरी देवी के ऑपरेशन किया है। प्रेमदास की पत्नी सुंदरी देवी के दोनों पैरों की हड्डी एक दुर्घटना में टूट गई थी। चिकित्सकों की टीम ने प्लेट डालकर सफल ऑपरेशन किया है। फलसरी गांव गजा निवासी नरेंद्र नाथ के बाएं हाथ की हड्डी टूट गई थी। उसकी भी अस्पताल में निशुल्क सफल सर्जरी की गई है।
नगर पालिका के पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह गुसाईं ने आयुष्मान योजना के तहत निशुल्क ऑपरेशन कराए जाने पर खुशी जताई। कहा कि यदि अस्पताल में जनरल सर्जन भी कार्यरत होता, तो लोगों को अन्य प्रकार की शल्य चिकित्सा भी उपलब्ध हो जाती। उन्होंने यहां कार्यरत शल्य चिकित्सा का ऋषिकेश से अटैचमेंट खत्म करने की मांग करते हुए उन्हें यहां तैनात करने की मांग की है।