जिला सहकारी बैंक टिहरी के 63वें वार्षिक अधिवेशन (आम बैठक) में पलायन रोकने और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों का सृजन करने पर जोर दिया गया। युवाओं को स्वरोजगार उपलब्ध कराने के लिए 10 अक्तूबर से बैंक जिलेभर में ऋण मेलों का आयोजन करेगा। कोरोना संक्रमण काल के बावजूद जिला सहकारी बैंक ने वित्तीय वर्ष 2020-21 में 6 करोड़ 54 लाख 97 हजार का शुद्ध लाभ अर्जित किया है।
बहुउद्देशीय सभागार में बैंक अध्यक्ष सुभाष चंद रमोला की अध्यक्षता में वार्षिक अधिवेशन का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व बैंक अध्यक्ष रघुवीर सिंह पंवार व अध्यक्ष रमोला ने शुभारंभ किया। बैंक अध्यक्ष रमोला ने बताया कि पलायन रोकने के लिए सहकारिता ही सबसे सशक्त माध्यम है। सभी 35 बैंक शाखाओं को युवाओं का पलायन रोकने के लिए कैश व्यवसाय ब्यूटी पार्लर, सैलून, वेल्डिंग, सब्जी आदि की दो-दो दुकानों के लिए ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
बैंक के महाप्रबंधक सौ सिंह ने बताया कि वित्तीय वर्ष में बैंक की कुल आय 86 करोड़ 56 लाख 22 हजार हुई, जिसके सापेक्ष 80 करोड़ 1 लाख 25 हजार का व्यय हुआ। इस तरह बैंक को साढ़े छह करोड़ का शुद्ध लाभ हुआ।
इस मौके पर बैंक उपाध्यक्ष विनोद रावत, निदेशक उत्तम सिंह कठैत, सुनील हनुमंती, सतपाल कलूड़ा, नरेश नेगी, जेपी चंद, सोनिया नेगी, डा. विजय लक्ष्मी, टीकाराम भट्ट, रोशनी राणा, डुग्गा देवी, गोविंद सिंह, उषा बडोला, डीजीएम संजीव सिंह, संजय रावत, नारायणी सिंह, बलवीर पुंडीर, सोहनपाल राणा, रविंद्र बिष्ट, बलविंद रावत, संजय बडोनी, सुप्रिया पालीवाल, रेखा धनै, गोविंद बिष्ट, प्रताप गुसाईं व ज्योति प्रसाद भट्ट आदि उपस्थित रहे।