नई टिहरी। होटल एसोसिएशन और नागरिक मंच ने इणिया में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज को जिला मुख्यालय नई टिहरी में बनाए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि स्थानीय संगठनों की उपेक्षा कर मेडिकल कॉलेज को इणिया में बनाने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने शासन-प्रशासन से नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज के लिए भूमि तलाशने के लिए उन्हें एक माह का समय देने की मांग की है।
होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद भट्ट और नागरिक मंच के अध्यक्ष सुंदरलाल उनियाल ने पत्रकार वार्ता में कहा कि भागीरथीपुरम के इणिया नामे तोक में मेडिकल कॉलेज को स्थापित करने की बात सामने आई है। मेडिकल कॉलेज के निर्माण के संबंध में शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने व्यापार मंडल, होटल एसोसिएशन, नागरिक मंच सहित किसी भी संगठन को विश्वास में नहीं लिया है। कहा कि मेडिकल कॉलेज को नई टिहरी नगर क्षेत्र के आसपास बनाया जाना चाहिए।
होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष भट्ट ने कहा कि पूर्व में भी इस तरह की गलतियां हुई है। बांध विस्थापित शहर को नई टिहरी में बसाया गया, लेकिन एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विवि परिसर को शहर से दूर बादशाहीथौल में। अब इस तरह के गलतियां नहीं होने दी जाएगी। कहा कि व्यापार मंडल, होटल एसोसिएशन सहित विभिन्न संगठनों ने नई टिहरी शहर को आगे बढ़ाने का काम किया है, लेकिन शहर को ग्रामीण क्षेत्रों और चारधाम यात्रा से न जोड़ने का खामियाजा व्यापारियों को भुगतना पड़ रहा है।
मेडिकल कॉलेज को लेकर सात अगस्त को सामुदायिक मिलन केंद्र बौराड़ी में विभिन्न संगठनों की बैठक बुलाई गई है। इस मौके पर नागरिक मंच के उपाध्यक्ष भगवान चंद रमोला, राजेंद्र डोभाल, कमल सिंह,किशोरी लाल चमोली, चतर सिंह चौहान, मदन सिंह चौहान, नरोत्तमदत्त जखमोला, शीशराम थपलियाल, ओम प्रकाश रतूड़़ी, विजेंद्र चंद रमोला, सबर सिंह नेगी आदि मौजूद थे।