बालगंगा तहसील के मेड़ गांव में अतिवृष्टि से खेतों को भारी नुकसान पहुंचा है। खेतों में मलबा घुसने से धान, मंडुवा, चौलाई और राजमा की फसल बर्बाद हो गई। साथ ही दस मकान भी खतरे की जद में आ गए हैं। क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कर प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता राशि देने की मांग की।
मंगलवार सुबह बूढ़ाकेदार क्षेत्र में तेज बारिश के कारण हल्दूडा और मतागढ़ी गदेरा उफान पर आ गया। गदेरे का रुख मेड़ गांव की तरफ होने से मलबा खेतों में जा घुसा। ऐसे में खेतों में तैयार धान, मंडुवा, चौलाई और राजमा की फसल बर्बाद हो गई। विजय सिंह राणा ने बताया कि क्षेत्र में सुबह के समय तीन घंटे तक जमकर बारिश हुई। हल्दूडा और मतागढ़ी गदेरे से हुए भू-कटाव के कारण सूरज सिंह राणा, मातब सिंह, कुंवर सिंह, प्रेम सिंह, अब्बल सिंह, वीर सिंह, चैत सिंह, मोर सिंह, महादेव सिंह व हरदेव सिंह के मकानों को खतरा हो गया है।