केदारनाथ में स्वास्थ्य सेवा दे रही सिक्स सिग्मा हाई एल्टीट्यूड मेडिकल सर्विस को केंद्र सरकार ने 20 हैम सेटेलाइट संचार सेवा लाइसेंस दिए हैं। यह पहला मौका है। इस सुविधा से केदारनाथ में विषम परिस्थितियों में भी संस्था से संपर्क किया जा सकेगा।
केंद्र सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के टेली कम्युनिकेशन विभाग की ओर से आयोजित परीक्षा में सफल संस्था के 20 डॉक्टर/पैरामेडिकल स्टाफ को सेटेलाइट संचार सेवा लाइसेंस प्रदान किया गया है। संस्था के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. प्रदीप भारद्वाज ने बताया कि यह पहला मौका है, जब किसी संस्था को केंद्र सरकार ने एक साथ 20 हैम सेटेलाइट संचार लाइसेंस दिए हैं। इस सुविधा के मिलने से केदारनाथ से विषम परिस्थितियों में भी देश-दुनिया से संपर्क हो सकेगा। बेहतर संचार व्यवस्था मिलने से स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने में मदद मिल सकेगी।
डॉ. भारद्वाज ने बताया कि समुद्रतल से 11750 फीट की ऊंचाई पर स्थित केदारनाथ में मौसम पलपल बदलता रहता है। ऐसे में यहां संचार संयंत्र नियमित नहीं रहता। कई बार जरूरत के समय जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग समेत देहरादून या दिल्ली बात नहीं हो पाती थी। केंद्र से मिले हैम सेटेलाइट संचार लाइसेंस से अब, केदारपुरी से कभी भी किसी भी समय बात की जा सकेगी। हैम रेडियो लाइसेंस मिलने से पीड़ित लोगों को कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी मदद दी जा सकेगी।
क्या है हैम रेडियो
प्राकृतिक आपदा या अन्य कारणों से जब संचार तंत्र ठप हो जाता है, तब विशेष परिस्थितियों को ध्यान में रखकर हैम रेडियो से संपर्क किया जाता है। इस व्यवस्था में सीधे तरंगों के माध्यम से संदेश एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाए जाते हैं। इसमें कनेक्टिविटी बाधित नहीं होती है। आपदा प्रबंधन या अन्य विषम मामलों में इस तकनीक का प्रयोग होता है।