देवस्थानम बोर्ड भंग करने की मांग को लेकर केदारनाथ में तीर्थपुरोहितों ने किया जुलूस-प्रदर्शन।
- फोटो : RUDRAPRYAG
केदारनाथ में देवस्थानम बोर्ड को भंग करने की मांग को लेकर तीर्थपुरोहितों ने आंदोलन तेज कर दिया है। उन्होंने मंदिर परिसर से हेलीपैड तक प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। इस मौके पर मांगपूर्ति तक आंदोलनरत रहने का निर्णय भी लिया गया।
मंगलवार को केदार सभा के अध्यक्ष विनोद शुक्ला के नेतृत्व में तीर्थपुरोहित मंदिर परिसर में एकत्रित हुए और देवस्थानम बोर्ड भंग करने की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद आंदोलनकारियों ने मंदिर परिसर से मंदिर मार्ग होते हुए एमआई-26 हेलीपैड तक प्रदर्शन भी किया। वक्ताओं ने कहा कि लंबे समय से सरकार से देवस्थानम बोर्ड को भंग करने की मांग की जा रही है लेकिन आंदोलन की अनदेखी हो रही है, जो उचित नहीं है। उन्होंने सरकार पर देवस्थानम बोर्ड के नाम पर तीर्थपुरोहित समाज में फूट डालने की साजिश करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार को इसका भारी खामियाजा भुगतना पड़ेगा। उन्होंने मांगपूर्ति तक आंदोलनरत रहने और आने वाले दिनों में केदारघाटी के कस्बों में भी धरना-प्रदर्शन व अनशन पर रहने की चेतावनी दी।