पीजी कॉलेज में डा. दलीप बिष्ट द्वारा रचित पुस्तकों का विमोचन करते हुए डीएम मनुज गोयल व अन्य अतिथि?
- फोटो : RUDRAPRYAG
महाविद्यालय अगस्त्यमुनि में उत्कृष्टता केंद्र ज्ञान गंगा में प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं से जिलाधिकारी मनुज गोयल ने संवाद किया। उन्होंने युवाओं को संयम, धैर्य से कठिन परिश्रम व आत्मविश्वास के साथ निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के टिप्स भी दिए।
ज्ञान गंगा के पहले बैच के प्रशिक्षण शिविर में पहुंचे डीएम मनुज गोयल ने कहा कि कोई भी परीक्षा बड़ी या छोटी नहीं होती है। पूरी ईमानदारी के साथ मेहनत व खुद के आत्मविश्वास से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है। डीएम ने युवाओं को स्वयं को स्वस्थ रखने के लिए प्राणायाम, योगा के सुझाव भी दिए। इस मौके पर डा. दलीप सिंह बिष्ट की ओर से रचित हिंदी-गढ़वाली काव्य संग्रह एवं गढ़वाली लोकोक्तियां, उत्तराखंड विकास और आपदाएं व मध्य हिमालय पर्यावरण, विकास और चुनौतियां, आदि पुस्तकों का विमोचन भी किया गया। इस मौके पर प्राचार्य प्रो. पुष्पा नेगी, काउंसलर राघवेंद्र सिंह, डा. सुधीर पेटवाल, डा. जितेंद्र सिंह, डा. मनीषा आदि शामिल थे।