जखोली ब्लॉक के बष्टा गांव में नहर में मृत गुलदार मिला है। वन विभाग ने गुलदार के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद नष्ट कर दिया है। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण बीमार होना बताया जा रहा है।
बुधवार सुबह बष्टा गांव के कुछ ग्रामीण घूमने गए थे। इस दौरान उन्हें कुंडी तोक के ऊपर बनी सिंचाई नहर में गुलदार लेटा दिखा। ग्रामीण घबराकर गए लेकिन काफी देर तक हलचल नहीं होने पर नजदीक जाकर देखा तो गुलदार मरा हुआ था। उन्होंने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। रुद्रप्रयाग वन प्रभाग के डीएफओ वैभव कुमार सिंह फोर्स समेत मौके पर पहुंचे। विभागीय टीम ने गुलदार के शव को कब्जे में लिया और रेंज कार्यालय अगस्त्यमुनि लाए। यहां उसका पोस्टमार्टम किया गया। इसके बाद शव को जलाकर नष्ट कर दिया गया। डीएफओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में गुलदार की मौत का कारण बीमार होना पाया गया है। स्पष्ट जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मिल पाएगी। मृत गुलदार मादा थी जिसकी उम्र लगभग ढाई वर्ष थी।