कंपनी से ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे एक कर्मचारी को तीन बदमाशों ने रोक लिया और लाठी-डंडों से डराकर स्कूटी लूटकर फरार हो गए। कर्मचारी ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की आसपास तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर स्कूूटी लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कलियर थाना क्षेत्र के बाजुहेड़ी गांव निवासी मेघराज सिडकुल में एक कंपनी में काम करते हैं। शुक्रवार रात करीब 10 बजे वह कंपनी से ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे। जैसे ही वह कलियर और धनौरी के बीच कांवड़ पटरी पर पहुंचे तो पहले से घात लगाए बैठे तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। साथ ही बदमाश स्कूटी छीनने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने लाठी-डंडों से उन्हें डराया और स्कूटी छीनकर धनौरी की ओर फरार हो गए। कर्मचारी ने घटना की सूचना परिजनों को दी। इसके बाद पुलिस को भी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जानकारी ली। साथ ही बदमाशों की तलाश के लिए क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया लेकिन बदमाशों का कुछ पता नहीं चल पाया। थाना प्रभारी धर्मेंद्र राठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही धनौरी क्षेत्र में कई स्थानों पर सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। साथ ही घटनास्थल के आसपास चलने वाले मोबाइल नंबरों की जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने बताया कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।