नारसन बार्डर पर पुलिस द्वारा रोके गए भारी वाहन।
- फोटो : ROORKEE
गंगा दशहरा पर्व स्नान को लेकर पुलिस को रूट प्लॉन बदलना पड़ा। नारसन की ओर से बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों को सीधा नगला ईमरती बाईपास से हरिद्वार भेजा गया। हालांकि, इस दौरान सुबह से लेकर शाम तक यातायात और सिविल पुलिस तैनात रही। वहीं, भीड़ न उमड़ने पर पुलिस ने राहत की सांस ली। उधर, माना जा रहा है कि शुक्रवार को भारी भीड़ जुटेगी और पुलिस की अग्नि परीक्षा होगी।
दशहरा पर्व गंगा स्नान को लेकर बुधवार को पुलिस अधिकारियों ने हरिद्वार में अधीनस्थों की बैठक ली थी। साथ ही बृहस्पतिवार और शुक्रवार को बाहरी राज्यों से भारी संख्या में भीड़ आने की आशंका को देखते हुए रूट प्लॉन तैयार किया गया था। रूट प्लॉन के तहत नारसन की ओर से आने वाले वाहनों को नगला ईमरती बाईपास से लंढौरा, लक्सर से हरिद्वार भेजा जाना था। जबकि सहारनपुर की ओर से आने वाले वाहनों को भगवानपुर से ईमलीखेड़ा होते हुए धनौरी से हरिद्वार भेजा जाना था।
बृहस्पतिवार को भीड़ उमड़ने की आशंका को देखते हुए भगवानपुर के मंडावर और काली नदी चेक पोस्ट व नगला ईमरती बाईपास पर सुबह से ही यातायात और सिविल पुलिस बड़ी संख्या में तैनात रही। दोपहर 12 बजे तक भीड़ न आने के चलते कुछ वाहनों को लक्सर से हरिद्वार भेजा गया। 12 बजे के बाद भीड़ कम आने के चलते बाईपास से रूट सीधा हरिद्वार के लिए कर दिया गया। लक्सर रूट से वाहनों को नहीं गुजारा गया। एसपी देहात प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि भीड़ ज्यादा नहीं आने के चलते बाईपास से वाहनों को सीधा हरिद्वार के लिए गुजारा गया। शुक्रवार को भीड़ उमड़ने की संभावना है। अगर भीड़ उमड़ती है तो वाहनों को लक्सर से गुजारा जाएगा।
हरिद्वार में गंगा स्नान होने के कारण भगवानपुर पुलिस ने हरियाणा, पंजाब आदि राज्यों से आने वाले भारी वाहनों को क्षेत्र की काली नदी व मंडावर पुलिस चेक पोस्ट पर ही रोक दिया। साथ ही वाहनों को हाईवे किनारे खड़ा करा दिया। प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि बहारी राज्य से आने वाले भारी वाहनों को रोककर हाईवे किनारे खड़ा कराया गया। ताकि हरिद्वार में जाम के हालात न बनें।