शहर से देहात तक पिछले कई दिन से पड़ रही तेज गर्मी से हर कोई बेहाल है। सुबह सात बजे की धूप सहना करना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में लोग बाहर निकलने से बच रहे हैं। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस तक गया। दोपहर के समय शहर से लेकर गलियों में सन्नाटा पसरा रहा।
मौसम के तल्ख तेवर से लोगों की शहर के मुख्य चौराहों और सार्वजनिक रास्तों पर आवाजाही कम हो गई है। बृहस्पतिवार को भी सुबह से ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए थे। दोपहर होते-होते तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। आलम यह रहा कि तेज धूप के साथ लू के गर्म थपेड़ों ने मुसीबत और बढ़ा दी।
दोपहर को शहर की प्रमुख बाजार व चौराहों पर सन्नाटा पसरा रहा। वहीं घरों में बैठे लोगों ने गर्मी से राहत पाने के लिए इंलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का सहारा लिया, पंखे व कूलर भी गर्मी के सितम से राहत पहुंचाने में नाकाम साबित हुए। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अभी एक-दो दिन भीषण गर्मी से राहत पाने की कोई उम्मीद नहीं है। हालांकि दो से तीन दिन बाद बूंदाबांदी की संभावना है।
शीतल पेय पदार्थों का लिया सहारा
गर्मी से राहत पाने के लिए लोग दिन में बाजार की तरफ नहीं गए। हालांकि शाम होने पर लोगों ने बाजार की ओर रुख किया। इस दौरान भी गर्मी ज्यादा थी। ऐसे में लोगों को गर्मी से राहत पाने के लिए ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लेना पड़ा। बाजार में गन्ने कर रस और बेल का जूस, नींबू पानी आदि ठेलियों पर लोगों की भीड़ रही। इसके अलावा ठंडी लस्सी और कोल्डड्रिक आदि की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ देखने को मिली।