इस बार 15 नवंबर से शहनाइयां बजने के शुभ मुहूर्त दोबारा से शुरू हो रहे हैं। 20 जुलाई को देवशयनी एकादशी के बाद से चातुर्मास आरंभ होने से अभी तक शादी समारोह पर रोक लगी हुई थी। अब 14 नवंबर को देवउठनी एकादशी पर चातुर्मास खत्म होने के तुरंत बाद शादी की शहनाइयां बजने लगेंगी।
हिंदू धर्म में शुभ कार्य करने से पहले मुहूर्त देखने की परंपरा है। मुहूर्त का अर्थ ग्रहों और नक्षत्रों की अनुकूल दशा से है। माना जाता है कि अच्छे मुहूर्त में शुरू हुए कार्य में बाधा नहीं पड़ती। खासकर शादी विवाह लग्न में ही किए जाते हैं। इस साल 15 जुलाई को अंतिम लग्न के बाद चातुर्मास शुरू होने से शादियां बंद थीं। अब 15 नवंबर से विवाह के मुहूर्त फिर शुरू हो रहे हैं। ज्योतिष डॉ. पवन त्रिपाठी के मुताबिक 20 जुलाई को देवशयनी एकादशी से 14 नवंबर देवउठनी एकादशी तक चातुर्मास रहेंगे। इस दौरान हिंदू शुभ कार्य नहीं करते हैं।
ये होंगी शादियों की शुभ तारीखें
ज्योतिष डॉ. पवन त्रिपाठी ने बताया कि इस बार चातुर्मास खत्म होने के बाद 2021 में 15, 16, 20, 21, 28, 29 व 30 नवंबर और 1, 2, 6, 7, 11 व 13 दिसंबर को शादियों के शुभ मुहूर्त होंगे।
बैंक्वेट हाल एडवांस में हुए बुक
लक्सर व आसपास कुल 11 बैंक्वेट हाल हैं। नवंबर के बाद शुरू हो रहे वैवाहिक लग्न के दिनों के लिए इनकी एडवांस में बुकिंग शुरू हो गई है। बताया जा रहा है कि मुहूर्त के कई खास दिन में एक बैंक्वेट हाल में सुबह और रात को अलग-अलग शादियां होंगी। वहीं, बाजारों में भी शादियों की तैयारियों के लिए जमकर खरीदारी हो रही है। कपड़ा, रेडीमेड गारमेंट्स, ज्वेलरी, फुटवियर, घड़ी, सौंदर्य प्रसाधन के अलावा बैंड, घोड़ी, कैटरिंग वालों को अच्छे कारोबार की उम्मीद दिख रही है।