डाडा जलालपुर में बवाल की घटना से ईद पर जिलेभर में अलर्ट है। ईद पर कोई विवाद न हो इसे लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। ईदगाह से लेकर मस्जिद के बाहर चप्पे-चप्पे पर पुलिस और पीएसी के जवान तैनात रहेंगे। थाना और कोतवाली प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में गश्त कर हालात पर नजर रखेंगे। सुरक्षा में चूक हुई तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
डाडा जलालपुर में 16 अप्रैल को बवाल की घटना के बाद मंगलवार को हरिद्वार जिले में ईद का त्योहार कड़ी सुरक्षा के बीच मनाया जाएगा। खासकर डाडा जलालपुर में पुलिस का कड़ा पहरा होगा। गांव में भगवानपुर थाना प्रभारी निरीक्षक और मंडावर पुलिस चौकी इंचार्ज समेत दो पीएसी की कंपनी और थाने का पुलिस बल तैनात रहेगा। साथ ही पुलिस अधिकारी भी गांव पहुंचकर स्थिति का हाल जानेंगे। वहीं, रुड़की, झबरेड़ा, बुग्गावाला, पिरान कलियर, लक्सर, खानपुर, सुल्तानपुर, मंगलौर क्षेत्र में मस्जिदों और ईदगाह के बाहर पुलिस सुरक्षा का कड़ा पहरा होगा। उधर, सुबह के समय नमाज के दौरान यातायात व्यवस्था भी चाक चौबंद रहेगी। वहीं, एसएसपी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत की ओर से सख्त निर्देश दिए गए हैं कि अगर कहीं भी सुरक्षा में चूक हुई तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
हादसों को रोकने के दिए निर्देश
एसएसपी की ओर से ईद के दिन हाईवे पर हादसों को रोकने के लिए यातायात और सीपीयू के जवानों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कोई यातायात नियम का उल्लंघन कर रहा है तो कार्रवाई की जाए। साथ ही अपील की गई कि अभिभावक अपने नाबालिग बच्चों को वाहन न दें।
एसपी देहात और सीओ करेंगे भ्रमण
ईद पर एसपी देहात प्रमेंद्र सिंह डोबाल, सीओ मंगलौर पंकज गैरोला, सीओ रुड़की विवेक कुमार, सीओ लक्सर बीएस चौहान क्षेत्र में भ्रमण करेंगे। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था का हाल जानेंगे। एसपी देहात ने बताया कि सीओ को अपने-अपने क्षेत्र में सुबह से ही भ्रमण करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं खुफिया विभाग भी अलर्ट हो गया है। किसी भी ग्रुप में कोई गलत टिप्पणी मिली तो टिप्पणी करने वाले और एडमिन के खिलाफ पुलिस की ओर से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गंगनहर के घाटों पर रहेगा पहरा
गंगनहर के घाटों पर भी पुलिस का कड़ा पहरा रहेगा। गंगनहर में नहाते समय मस्ती करने आने वालों पर भी पुलिस की नजर रहेगी ताकि कोई हादसा न हो सके। वहीं, पुलिस अपील कर रही है कि अभिभावक अपने बच्चों को गंगनहर में नहाने जाने के लिए रोकें।