कलियर दरगाह में नोचंदी जुमेरात पर जियारत करने के लिए उमड़ी जायरीनों की भीड़।
- फोटो : ROORKEE
पिरान कलियर (रुड़की)। कलियर में नौचंदी जुमेरात को दरगाह साबिर पाक सहित दरगाह इमाम साहब, किलकिलि साहब, पीर गैब अली साहब और अब्दाल साहब पर जायरीनों की भारी भीड़ रही। देश के अलग-अलग हिस्सों से जायरीन कलियर पहुंचे।
नौचंदी जुमेरात जायरीनों के लिए बहुत मान्यता रखती है। क्योंकि यह जुमेरात इस्लामी कैलेंडर के अनुसार महीने की पहली तारीख होती है। नौचंदी जुमेरात में बृहस्पतिवार को बरेली, रामपुर, मुरादाबाद, बिजनौर, पंजाब, दिल्ली, सहारनपुर और हरियाणा, आदि जगहों से जायरीन कलियर पहुंचे। भीड़ को देखते हुए दरगाह परिसर और पीपल चौक सहित अन्य जगहों पर पुलिस बल तैनात रहा। वहीं, कोविड कर्फ्यू में ढील के बाद बृहस्पतिवार को पिरान कलियर में नौचंदी जुमेरात पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जायरीनों ने दरगाहों पर लाइन लगाकर जियारत की। वहीं, पुरानी गंगनहर का पुल क्षतिग्रस्त होने से जायरीनों को दरगाह साबिर पाक से दरगाह इमाम साहब जाने के लिए करीब पांच किमी दूरी तय करनी पड़ी। पुरानी गंगनहर पुल को चार पहिया वाहनों के आवागमन के लिए बंद किया हुआ है ताकि दोनों पुलों पर जाम न लगे। इससे जायरीनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र राठी ने बताया कि जायरीनों की भीड़ को देखते हुए दरगाह परिसर और पीपल चौक आदि जगहों पर पुलिस तैनात की गई थी।