फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नारसन बॉर्डर पर उमड़ा यात्रियों का रेला

विज्ञापन
नारसन बार्डर पर वीकेंड पर लगी वाहनों की लंबी कतार। - फोटो : ROORKEE
विज्ञापन
वीकेंड पर उत्तराखंड घूमने आने वाले बाहरी राज्यों के लोगों का रेला उमड़ पड़ा। भीड़ को देखते हुए पुलिस को सड़क पर उतरना पड़ा। इस बीच नारसन बॉर्डर पर वाहनों की लंबी कतार लगने से जाम लग गया। पुलिस ने बाहरी राज्यों से आने वाले कार सवारों को बॉर्डर पर रोककर कोरोना जांच करवाई। रिपोर्ट निगेटिव आने और वैक्सीन की दोनों डोज लगने का प्रमाणपत्र दिखाने के बाद यात्रियों को प्रवेश दिया गया। इसे लेकर पुलिस से कई कार सवार उलझते नजर आए।
विज्ञापन

वीकेंड पर हरियाणा, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और दिल्ली समेत अन्य जगहों से बड़ी संख्या में लोग पहाड़ी वादियों में घूमने के लिए उत्तराखंड आते हैं। शनिवार को वीकेंड पर भी बड़ी संख्या में बाहरी राज्यों से लोग घूमने पहुंचे। भीड़ को देखते हुए नारसन बॉर्डर पर सुबह से ही पुलिस का कड़ा पहरा रहा। बॉर्डर पर पुलिस ने कार सवारों से कोरोना जांच कराने की बात कही। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग काउंटरों पर कोरोना जांच कराने पहुंचे। रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद ही लोगों को प्रवेश दिया गया। जिन लोगों ने वैक्सीन की दोनों डोज लगवा रखी थी, उन्हें बिना कोरोना जांच के प्रवेश दिया गया।
नारसन बॉर्डर पर दोपहर तक बाहरी राज्यों से आने वालों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बॉर्डर से उत्तर प्रदेश के पुरकाजी तक वाहनों की लंबी लाइन लगने से जाम लग गया। पुलिस को जाम खुलवाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। देर शात तक भीड़ जुटती रही। स्थानीय लैब साइट इंचार्ज शेखर ने बताया कि शनिवार को 875 लोगों की कोरोना जांच की गई, जिसमें से छह लोग संक्रमित मिले हैं।
विज्ञापन

--
बेरोकटोक निकलते रहे भारी वाहन
नारसन बॉर्डर पर बाहरी राज्यों से आने वाले कार सवारों और रोडवेज बसों को पुलिस रोक रही थी। साथ ही कोरोना जांच कराने के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा था, लेकिन बाहरी राज्यों से आने वाले भारी वाहनों को नहीं रोका जा रहा था।
--
वाहन पार्किंग की जगह पड़ी कम
बॉर्डर पर जिस जगह कोरोना जांच की जा रही है, वहां पार्किंग बनाई गई है, लेकिन शनिवार को बड़ी संख्या में लोगों के जुटने से पार्किंग में जगह कम पड़ गई। ऐसे में कई कार सवारों ने अपने वाहन हाईवे किनारे पार्क किए।
--
शारीरिक दूरी का नहीं हुआ पालन
कोरोना जांच के लिए सात काउंटर बनाए गए हैं। शनिवार को भारी भीड़ उमड़ी तो काउंटरों के बाहर लंबी लाइन लग गई। इस बीच कोविड गाइडलाइन की धज्जियां उड़ती दिखीं। किसी ने मास्क नहीं पहना था तो शारीरिक दूरी नियम का भी पालन नहीं हो रहा था।
--
संपर्क मार्गों से गुजरते रहे वाहन
नारसन बॉर्डर पर पुलिस की चेकिंग और कोरोना जांच से बचने के लिए बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों ने संपर्क मार्ग की राह पकड़ ली। कई वाहन सवारों ने संपर्क मार्गों से चोरी छिपे सीमा में प्रवेश किया। कई वाहन सवार गंगनहर की पटरी से होते हुए सीमा में प्रवेश करते दिखे। ऐसे में गंगनहर की पटरी पर भी वाहनों की भीड़ रही। यहां भी रुक-रुककर जाम लगता रहा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें