दूध से भरे वाहन ने गलत साइड से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों लोग घायल हो गए। पुलिस ने रुड़की सिविल अस्पताल में उन्हें भर्ती कराया। यहां एक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया जबकि दूसरे को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया। उसकी भी उपचार के दौरान मौत हो गई। उधर, टक्कर लगते ही दूध का वाहन अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गया, जिसमें चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें भी हायर सेंटर रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार, नारसन कलां निवासी अरुण (26) और सुभाष (32) शुक्रवार देर रात बाइक से पुरकाजी की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि वे बाइक गलत साइड से चला रहे थे। इस बीच कस्बे के पास कोऑपरेटिव बैंक के समीप सामने से आ रहे दूध से भरे वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों को नारसन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां उनकी गंभीर हालत देखते हुए रुड़की सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां डॉक्टरों ने अरुण को मृत घोषित कर दिया जबकि सुभाष को एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया।
एम्स में उपचार के दौरान सुभाष की भी मौत हो गई। वहीं, बाइक से भिड़ंत के बाद दूध का वाहन भी अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गया, जिससे चालक मनोज निवासी हटौली, मुजफ्फरनगर, प्रवीण सिंह और उनकी पत्नी रणीता निवासी नत्थनपुर देहरादून गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने तीनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी रफत अली ने बताया कि शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है। बाइक और दूध के वाहन को कब्जे में ले लिया है।