लक्सर में सुबह के समय रेलवे स्टेशन पर छाए घने कोहरे के बीच से गुजरती ट्रेन।
- फोटो : ROORKEE
कोहरे के चलते मंगलवार को कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से 1 से 2 घंटे की देरी से लक्सर रेलवे स्टेशन पर पहुंचीं। ट्रेनों के लेट होने के कारण यात्री ठंड में ठिठुरते रहे। साथ ही ट्रेनों का स्टॉपेज कम होने के कारण भी यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पिछले कई दिनों से कोहरा पड़ रहा है। घने कोहरे ने ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिए हैं। मंगलवार सुबह अधिक कोहरा होने के कारण अमृतसर से देहरादून जाने वाली देहरादून-एक्सप्रेस ट्रेन एक घंटे की देरी से लक्सर रेलवे स्टेशन पर पहुंची। वहीं लखनऊ से चंडीगढ़ जाने वाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस 2 घंटे की देरी से पहुंची। मुजफ्फरपुर से देहरादून जाने वाली मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस ट्रेन एक घंटे की देरी से पहुंची। सूबेदारगंज से देहरादून जाने वाली लिंक एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय 10 बजकर 19 मिनट पर पहुंची। जम्मूतवी से कोलकाता जाने वाली कोलकाता एक्सप्रेस और दरभंगा से अमृतसर जाने वाली जननायक एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 1 घंटे की देरी से लक्सर रेलवे स्टेशन पर पहुंची। कार्यवाहक स्टेशन अधीक्षक अरुण कुमार ने बताया कि कोहरे के कारण ट्रेनें लेट चल रही हैं।