एक इंजीनियरिंग कॉलेज के दो छात्र गुटों में जमकर मारपीट हो गई। दोनों गुटों की ओर से जमकर पथराव भी हुआ, जिसमें एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। तहरीर के आधार पर पुलिस दोनों पक्षों के छात्रों को चिह्नित कर रही है।
क्षेत्र के एक इंजीनियरिंग कॉलेज में बहादराबाद निवासी छात्र बीटेक कर रहा है। बृहस्पतिवार को कॉलेज में बिहार निवासी एक छात्र के साथ सीट पर बैठने को लेकर उसकी कहासुनी हो गई। छुट्टी के बाद वह कॉलेज के बाहर आया तो बिहार निवासी छात्र अपने साथियों को लेकर उसके पास पहुंचा। आरोप है कि इस बीच उन्होंने मारपीट कर दी। इस दौरान उसके साथी भी मौके पर आ गए और दोनों गुटों में जमकर मारपीट हो गई। साथ ही पथराव भी हुआ, जिसमें वह घायल हो गया। पथराव होने से राहगीरों में भगदड़ मच गई। घायल छात्र ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। थानाध्यक्ष पीडी भट्ट ने बताया कि मारपीट में शामिल छात्रों को चिह्नित किया जा रहा है। दूसरे गुट के छात्रों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।