रुड़की। विदेश में नौकरी दिलाने के नाम कम पढ़े लिखे लोग आए दिन ठगी का शिकार होते हैं, लेकिन अब आईआईटी रुड़की के एक छात्र से ठगी करने का मामला सामने आया है। आईआईटी के छात्र से तीन किस्तों में तीन लाख से अधिक की ठगी की गई। इसके बाद छात्र ने दिल्ली में केस दर्ज कराया, जहां के एकाउंट में पैसे जमा कराए गए थे। अब मामले की जांच सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस कर रही है।
जानकारी के अनुसार आईआईटी के छात्र वीरेंद्र को एक सोशल साइट से विदेश में नौकरी की जानकारी मिली थी। इसके बाद उसने संपर्क किया तो संबंधित व्यक्ति ने विदेश में नौकरी का झांसा दिया। साथ ही एडवांस के तौर पर कुछ पैसे जमा कराने को कहा, जो वीरेंद्र ने जमा कर दिए। कुल मिलाकर तीन लाख से अधिक की रकम छात्र ने जमा कराई। तीन लाख से अधिक जमा करने के बाद भी जब संबंधित व्यक्ति से कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला तो ठगी का अहसास हुआ। छात्र ने एसबीआई बैंक में पड़ताल की, जहां से मालूम चला कि संबंधित खाता दिल्ली का है। छात्र ने मामला दिल्ली में दर्ज करवाया। दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच के लिए सिविल लाइंस कोतवाली को भेजा है। मामले में मंगलवार को कोतवाली पुलिस ने आईटीआई की एसबीआई ब्रांच में जाकर जांच पड़ताल की। एसएसआई गोविंद कुमार का कहना है कि ठगी का शिकार हुए छात्र ने जिस एकाउंट में पैसे जमा कराए थे। उसे सीज कर दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
आईआईटी छात्रा से भी हुई थी ठगी
दो दिसंबर को आईआईटी रुड़की की एमटेक की एक छात्रा मीना से भी ठगी का मामला सामने आया था। मामले में छात्रा से एटीएम का नंबर पूछकर उसके खाते से 63 हजार रुपये निकाल लिए गए थे। पीड़ित छात्रा की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।