ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की। मुजफ्फरनगर जिले से संदिग्ध हालात में लापता हुई एक महिला और तीन युवतियों की तलाश में रुड़की पहुंची यूपी पुलिस ने स्थानीय पुलिस से चारों के बारे में जानकारी ली। इसके बाद सिविल लाइंस कोतवाली में चारों का गुमशुदा का पंफलेट चस्पा किया।
मुजफ्फरनगर के थाना भौराकलां क्षेत्र से 25 अप्रैल को एक महिला और तीन युवतियां संदिग्ध हालात में लापता हो गई थीं। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद चारों की भौराकलां थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। तभी से पुलिस चारों की यूपी से लेकर उत्तराखंड में तलाश कर रही है। शनिवार को भौराकलां के एसओ विपिन कुमार समेत दो दारोगा और एक महिला कांस्टेबल रुड़की की सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचे। यहां उन्होंने स्थानीय पुलिस से चारों की तलाश में सहयोग मांगा। एसआई अंकुर शर्मा ने बताया कि भौराकलां पुलिस एक महिला और तीन युवतियों की तलाश में आई थी। कोतवाली में पंफलेट चस्पा करने के बाद वापस लौट गई।