ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की। जौरासी गांव में दिनदहाड़े तीन घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। चोर घरों में रखे मोबाइल और हजारों की नकदी लेकर फरार हो गया। ग्रामीणों ने शक के आधार पर गांव के ही एक युवक को पकड़कर कड़ाई से पूछताछ की तो उसने चोरी की घटना स्वीकार कर ली। इसके बाद युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित जौरासी जबरदस्तपुर गांव में शनिवार को इसरत, फरमान और नुसरत के घर दिनदहाड़े चोरी कर ली गई। चोरों ने इसरत के घर से पांच हजार की नकदी, एक मोबाइल, फरमान के घर से 25 हजार की नकदी और नुसरत के घर से दस हजार की नकदी व मोबाइल चोरी कर लिया। एक ही दिन तीन घरों में चोरी होने से अफरातफरी मच गई। ग्रामीण चोर की तलाश करने लगे। इसी बीच ग्रामीणों को एक युवक गतिविधियां संदिग्ध लगी। ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और कड़ाई से पूछताछ की तो उसने चोरी की बात स्वीकार ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को पकड़कर कोतवाली ले आई। एसआई खजान सिंह चौहान ने बताया कि युवक से पूछताछ की जा रही है। युवक के पास से कुछ नकदी के साथ ही मोबाइल बरामद हुआ है।