कुनाऊ गांव के पास अंग्रेजी शराब का ठेका खुलने की सूचना मिलने के बाद बैराज स्थित राजाजी टाइगर रिज?
- फोटो : RISHIKESH
ऋषिकेश। पौड़ी जिले के यमकेश्वर ब्लॉक के कुनाऊ के पास अंग्रेजी शराब के ठेके के आवंटन पर स्थानीय ग्रामीण भड़क गए। सैकड़ों की संख्या में गुस्साएं ग्रामीणों ने राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क के चेक पोस्ट पर सरकार, जिला प्रशासन और पार्क प्रशासन के खिलाफ जबरदस्त प्रदर्शन किया। स्थानीय लोगों ने ठेका आवंटन निरस्त होने अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने की चेतावनी दी है।
जिला प्रशासन ने बृहस्पतिवार शाम को यमकेश्वर ब्लॉक के कुनाऊ गांव के पास राजाजी टाईगर रिजर्व पार्क क्षेत्र में अंग्रेजी शराब के ठेके का आवंटन का आदेश जारी कर दिया। 2021-23 तक ठेके लिए 10 करोड़ 64 लाख 30 हजार 400 करोड़ का राजस्व निर्धारित किया गया है। शुरुआत में मोबाइल वैन से शराब बेचने की तैयारी थी। शुक्रवार शाम को ठेके के लिए चिह्नित स्थान पर बोर्ड भी लग गया। जैसे ही कुनाऊ गांव के ग्रामीणों को ठेका खुलने की सूचना मिली मिली तो वे प्रधान नीरज पयाल के नेतृत्व में बैराज स्थित राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क के चेक पोस्ट पर पहुंच गए। कुछ देर में भादसी जिला पंचायत सदस्य क्रांति कपरुवान भी मौके पर आ गए। इसके बाद ग्रामीणों ने ठेके का आवंटन निरस्त करने की मांग को लेकर सरकार, जिला प्रशासन और पार्क प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। जिला पंचायत सदस्य क्रांति कपरुवान और प्रधान नीरज पयाल ने कहा कि किसी भी हालत में गांव के आसपास ठेका नहीं खुलने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ठेका खुलने से गांव का माहौल खराब होगा। पार्क और नहर किनारे का क्षेत्र होने के चलते दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाएगी। उन्होंने कहा कि शाम छह बजे के बाद पार्क क्षेत्र में आवाजाही प्रतिबंधित है। इसके बावजूद पार्क प्रशासन ने भी ठेके के आवंटन पर आपत्ति नहीं जताई। हंगामे की सूचना पर लक्ष्मणझूला पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का काफी प्रयास किया। लेकिन ग्रामीण नहीं माने और विरोध पर अड़े रहे। ग्रामीणों ने ठेका आवंटन निरस्त न होने पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने की चेतावनी दी है। वहीं स्थानीय समाजसेवी चंद्रमोहन सिंह नेगी ने कहा कि राजाजी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में शराब के ठेका का खुलना वन अधिनियम 1972 और वाइल्ड लाइफ एक्ट का उल्लंघन भी है। उन्होंने कहा कि ठेके के विरोध में कोर्ट का दरवाजा खटखटाया जाएगा।