ऋषिकेश। श्यामपुर चौकी अंतर्गत एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। परिजनों ने इसकी सूचना श्यामपुर चौकी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची चौकी पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए एम्स में भेज दिया है।
श्यामपुर चौकी पुलिस ने बताया कि घटना बीते शनिवार की है। पूछताछ के बाद परिजनों ने बताया कि बीते शुक्रवार देररात आशीष सजवाण (28) पुत्र स्व. दीपक सजवाण, निवासी टीचर कॉलोनी, बाईपास लक्कड़घाट, खाना खाने के बाद अपने कमरे में चला गया। शनिवार सुबह करीब 11 बजे तक वह अपने कमरे से बाहर नहीं निकला। परिजनों ने जब बाहर से दरवाजा खटखटाकर उसे आवाज दी तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। अनहोनी की आशंका के चलते परिजनों ने दरवाजा तोड़ दिया। जैसे ही दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो कमरे के अंदर पंखे में चुन्नी के सहारे आशीष का शव लटका हुआ मिला। परिजनों ने इसकी सूचना श्यामपुर चौकी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची चौकी पुलिस ने शव को नीचे उतारकर उसका पंचनामाभर, उसे पीएम के लिए एम्स भेज दिया। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। चौकी पुलिस इस ओर छानबीन में जुटी हुई है।