ऋषिकेश। श्यामपुर चौकी अंतर्गत मनसा देवी क्षेत्र में दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग में नाकाम होने पर हवाई फायर करने वाले मुजफ्फरनगर के चार हिस्ट्रीशीटरों के गिरोह को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से दो देशी तमंचे, दो जिंदा कारतूस और दो चाकू बरामद किए हैं। वहीं गिरोह में शामिल एक अन्य आरोपी की पुलिस तलाश कर रही है।
कोतवाली पुलिस ने बताया कि सोनी भट्ट पत्नी गणेश भट्ट निवासी मनसा देवी गुमानीवाला, श्यामपुर, ऋषिकेश ने कोतवाली में शिकायत देते हुए बताया था कि पांच अगस्त शाम करीब 5.45 बजे, मनसा देवी गुमानीवाला क्षेत्र में एक बाइक पर सवार तीन अज्ञात बदमाश पीछे से आए। उनमें से एक व्यक्ति ने उतरकर किसी का पता पूछा। इसी बीच दूसरा व्यक्ति मेरे गले से सोने की चेन खींचने लगा। जब मैने शोर मचाया तो, वहां भीड़ एकत्रित हो गई। उनमें से एक ने हवा में फायरिंग की और वे सभी भाग गए। लेकिन आरोपी बाइक और एक बैग छोड़कर मौके पर छोड़ गए। शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर छानबीन में जुट गई। एसओजी देहात और कोतवाली पुलिस के संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर मनसा देवी तिराहे पर विक्रांत त्यागी उर्फ विक्की त्यागी (26), निवासी ग्राम रई, थाना छपार मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश, हाल निवासी- इंदिरानगर, थाना सिविल लाइन, जिला मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश, कपिल पाल उर्फ काला (28) निवासी ग्राम उत्तरी रामपुरी, पोस्ट एवं थाना कोतवाली सिविल लाइन मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी- गुरु गोविंद घाट, निकट रानीपुर चौक हरिद्वार, अजय पाल उर्फ बादल (29) निवासी ग्राम बरसात थाना जानसठ, जिला मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी- गुरु गोविंद घाट निकट रानीपुर चौक हरिद्वार, सचिन उर्फ चुन्ना (25) निवासी जनकपुरी, थाना सिविल लाइन, जिला मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश को दबोच लिया। पुलिस को आरोपियों के पास से दो देसी तमंचे, दो जिंदा कारतूस व दो चाकू बरामद किए। कोतवाली पुलिस ने बताया कि इनका एक अन्य साथी संदीप पाल (25) निवासी ग्राम बड़ोद, थाना सिखेड़ा, जिला मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश फरार चल रहा है।
अपराधियों पर दर्ज हैं कई मुकदमे
ऋषिकेश। कोतवाली पुलिस ने बताया कि विक्रांत त्यागी उर्फ विक्की त्यागी, कोतवाली सिविल लाइन जिला मुजफ्फरनगर का हिस्ट्रीशीटर है। जिसपर जनपद मुजफ्फरनगर के 23 व कोतवाली ऋषिकेश में दो मुकदमा पूर्व में पंजीकृत हैं। जिनमें से लूट के नौ, आर्म्स एक्ट के चार, हत्या के प्रयास के चार, एक धोखाधड़ी व एक गैंगस्टर अधिनियम आदि के अंतर्गत मुकदमा दर्ज है। आरोपी कपिलपाल उर्फ काला के विरुद्ध भी थाना सिविल लाइन जनपद मुजफ्फरनगर में लूट एवं हत्या के प्रयास का पांच मुकदमा दर्ज है। आरोपी सचिन उर्फ चुन्ना, जनकपुरी थाना सिविल लाइन जिला मुजफ्फरनगर का हिस्ट्रीशीटर है। जिस पर जनपद मुजफ्फरनगर के थाना सिविल लाइन में 22 मुकदमें पंजीकृत हैं। जिनमें तीन लूट, पांच आर्म्स एक्ट, दो चैन स्नैचिंग, दो गुंडा अधिनियम, व इसके अतिरिक्त हत्या का प्रयास जुआ/ बलवा आदि के मुकदमा दर्ज हैं। आरोपी अजय पाल उर्फ बादल के विरुद्ध जनपद मुजफ्फरनगर में कुल 16 मुकदमे पंजीकृत हैं। जिनमें से लूट के चार, हत्या के प्रयास के दो, आर्म्स एक्ट के पांच,गैंगस्टर/धोखाधड़ी व बलवा आदि के मुकदमा दर्ज हैं।
कोतवाली पुलिस के हत्थे चढ़े चैन स्नेचर्स।- फोटो : RISHIKESH