थल के तड़ीगांव-साता सड़क पर फंसा टिप्पर। स्रोत: ग्रामीण
थल (पिथौरागढ़)। तड़ीगांव-साता मोटर मार्ग मालासीमा और कुकरौली के पास एक साल से अधिक समय से लगातार मलबा गिर रहा है। इससे सड़क पर बदहाल हो गई है। इस स्थान पर रविवार को मलबे में टायर धंसने से एक टिप्पर दो घंटे तक फंसा रहा।
बरसात के सीजन में मलबा आने से सड़क काफी संकरी हो गई है। इससे वाहनों के साथ दुर्घटनाओं की आशंका बनी है। धिंगतड़ गांव के रमेश जोशी ने बताया कि पिछले एक साल से लोनिवि ने सड़क पर से मलबा नहीं हटाया है। बताया कि वह प्रतिदिन दोपहिया वाहन से आवाजाही करते हैं। कई बार सड़क पर रपटने से बाल-बाल बचे हैं। रविवार को सड़क पर एक टिप्पर का टायर मलबे में धंस गया। दो घंटे की मशक्कत के बाद फंसे वाहन को दूसरे वाहन के सहारे खींचकर निकाला गया। इस दौरान सड़क पर वाहनों की आवाजाही ठप रही। उन्होंने लोनिवि से मलबे को हटाकर सुरक्षा दीवार लगाए जाने की मांग की है। संवाद