19 अक्तूबर से बंद जीआईसी-सुकौली-चमाली सड़क बंद चल रही है।
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। 19 अक्तूबर को भारी बारिश के कारण जीआईसी सुकौली-चमाली सड़क कई जगह बंद हो गई है। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने शीघ्र बंद सड़क को खोलने की मांग की है।
जीआईसी-सुकौली-चमाली सड़क के बंद होने से पुरगड़ा, चिमुसी, चमाली, सेलस्या, डुमना, डंडोखोला, रावलगांव, गणकोट, सुकौली, हुड़ेती आदि गांवों के लोगों को दिक्कत हो रही है। पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य श्याम सिंह मेहता और कमल रावल ने बताया कि सड़क के बंद होने से उनका पिथौरागढ़ आना बंद हो चुका है। इस कारण दूध समेत अन्य कृषि उत्पाद पिथौरागढ़ बाजार में बेचने वाले किसानों का व्यापार बंद हो चुका है।
छात्रों को विद्यालय आने और मरीजों आदि को पिथौरागढ़ आने में परेशानी हो रही है। श्याम सिंह मेहता ने बताया कि डंडोखोला में पेयजल लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई है। वन पंचायत कूचा के वनक्षेत्र में चीड़ के पेड़ भी बड़ी संख्या में गिरे हैं। उन्होंने बताया आपदा नियंत्रण कक्ष और वन विभाग में इस संबंध में सूचना दी है। उन्होंने कहा यदि शीघ्र ही सड़क नहीं खोली गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।