पिथौरागढ़। जाजरदेवल पुलिस ने नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म करने के चार आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
एक मार्च को कुछ लोगों ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि उनकी 14 वर्षीय लड़की घर नहीं लौटी। पुलिस ने धारा- 365 में केस दर्ज किया। एसपी लोकेश्वर सिंह के निर्देश पर थानाध्यक्ष जाजरदेवल कुलदीप सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने नाबालिग को रावल गांव से बरामद किया। मेडिकल परीक्षण के बाद न्यायालय के समक्ष बयान दर्ज कराए गए। पूछताछ में लड़की ने चार लड़कों पर उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। नाबालिग के बयानों के आधार पर पुलिस टीम ने धाराएं बढ़ाकर आरोपी संजय कुमार (23) उर्फ संजू निवासी ग्राम गड़कोट, नीरज कुमार(22) निवासी रावलगांव, प्रकाश राम(22) निवासी रावलगांव और किशोर शर्मा (25) निवासी बस्ते को गिरफ्तार कर लिया। चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। टीम में चौकी प्रभारी वड्डा जसवीर सिंह, एसआई मीनू गौतम, कांस्टेबल सुरेंद्र मनराल, गोपाल सिंह, अनंत प्रसाद, दिनेश गोबाड़ी आदि थे।