मोस्टामानू में ट्यूलिप गॉर्डन का निरीक्षण करते डीएम डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने मोस्टमानू और पशुपतिनाथ मंदिर क्षेत्र में बनाए जा रहे ट्यूलिप गार्डन का निरीक्षण किया। दोनों जगहों पर पिछले दिनों रोपे गए ट्यूलिप के बल्ब अब उगने लगे हैं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उद्यान विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि प्रतिदिन पौध के विकास से संबंधित जानकारी रखी जाए। उन्होंने मुख्य उद्यान अधिकारी आरएस वर्मा को निर्देश दिए कि क्षेत्र में वर्ष भर फूल खिले रहें इसके लिए वार्षिक कैलेंडर तैयार करें। साथ ही मौसम व समय के अनुसार विभिन्न प्रजाति के फूल भी लगाए जाएं। जिलाधिकारी ने चंडाक, मोस्टमानू और वरदायिनी मंदिर का अधिकारियों के साथ पैदल भ्रमण कर क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं को बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला पर्यटन विकास अधिकारी अमित लोहनी को वरदायिनी मंदिर से मैगी प्वाइंट (पुरानी मैग्नेसाइट फैक्ट्री) तक ट्रैक रूट विकसित करने को प्रस्ताव तैयार करने के साथ ही क्षेत्र में व्यू प्वाइंट का भी निर्माण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बरसात के सीजन में फलदार, छायादार पौधों के रोपण के लिए भी तैयारी करने को कहा। भ्रमण के दौरान अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग एलएम पांडेय, प्रधान ढुंगा मनोज सिंह आदि मौजूद रहे।