मूनाकोट के बेलतड़ी में 67वें दिन से धरने पर बैठे क्षेत्रीय लोग। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : PITHORAGARH
मूनाकोट (पिथौरागढ़)। अशोकनगर-भाटीगांव-बेलतड़ी होते हुए क्वारबन तक तीन किमी सड़क की स्वीकृति मिलने पर क्षेत्र के लोगों ने खुशी जाहिर की है। साथ ही क्षेत्र के लोगों का कहना है जब तक प्रशासन और जनप्रतिनिधि गांव में आकर बातचीत नहीं करते धरना समाप्त नहीं किया जाएगा।
भाटीगांव से बेलतड़ी तक सड़क निर्माण के लिए सरकार की ओर से सैद्धांतिक स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्र में खुशी की लहर है। परंतु ग्रामीणों ने प्रशासनिक अधिकारियों और क्षेत्रीय विधायक की गांव में मौजूदगी के बाद ही आगे की रणनीति तय करते हुए धरना स्थगित करने का एलान किया है।
अशोकनगर-बेलतड़ी के बीच दो किमी रुके हुए काम को शुरू करने की मांग को लेकर छह गांवों के लोग विगत दो माह से धरने पर बैठे हैं। ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय में विशाल जुलूस भी निकाला। क्षेत्र के नौ शहीदों के परिजन सड़क की मांग को लेकर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के पिथौरागढ़ दौरे पर उनसे भी मिले।
क्षेत्र के लोग रोड नहीं तो वोट नहीं नारे पर भी अडिग हैं। आगामी चुनाव को देखते हुए सरकार ने सड़क को क्वारबन तक बनाने स्वीकृति देते हुए टोकन मनी भी जारी कर दी है। धरना संयोजक दयाकिशन भट्ट ने बताया बातचीत के बाद ही धरना समाप्त किया जाएगा। बुधवार को 67 वें दिन धरने पर हरी दत्त और पूर्णानंद भट्ट बैठे।