डीडीहाट जिले की मांग को लेकर जन आक्रोश रैली निकालते हार्ट थर्प के ग्रामीण।
- फोटो : PITHORAGARH
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। डीडीहाट जिले की मांग के लिए शनिवार को 16वें दिन भी आंदोलन जारी रहा। अनशनकारी रामलीला मैदान में दिन-रात डटे रहे। इस दौरान हार्ट थर्प के ग्रामीणों ने गांव से धरना स्थल तक जनाक्रोश रैली निकाली। आंदोलनकारियों ने शीघ्र डीडीहाट जिला घोषित करने की मांग की। अन्यथा उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
गुड्डु कन्याल और कैंसर पीड़ित पीयूष वाल्मीकि शनिवार को भी आमरण अनशन पर डटे रहे। आंदोलनकारियों ने कहा कि डीडीहाट जिले की मांग वर्ष 1960 से चल रही है। इसके बाद भी उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। इस दौरान हार्टथर्प के ग्रामीणों ने पारंपरिक वाद्य यंत्र और तख्तियां पकड़ कर जन आक्रोश रैली निकाली।
जिला बनाओ संघर्ष समिति के संयोजक लवि कफलिया ने कहा कि सप्ताह में एक दिन अलग गांव से जन आक्रोश रैली निकालकर सरकार को चेताया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जिस जिले की घोषणा खुद की थी, अब पूर्ण बहुमत में होने के बाद भी आखिर भाजपा जिले की घोषणा को पूरा क्यों नहीं करवा रही है।
जिले के लिए सीएम से मिलेगा राजनीतिक पार्टियों का शिष्टमंडल
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। संयुक्त मोर्चा के कुंडल सिंह चौहान ने कहा कि सीएम के पैतृक गांव में भ्रमण कार्यक्रम के दौरान भाजपा, कांग्रेस, उक्रांद, आप और निर्दलीय प्रत्याशियों का एक शिष्टमंडल जिले की मांग को लेकर सीएम से मुलाकात करेगा। इसके लिए सभी राजनीतिक पार्टियों के पदाधिकारियों से वार्ता की जा रही है।
जनसंघ नेता दीवान सिंह भंडारी का डीडीहाट जिले को समर्थन
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। जनसंघ के वरिष्ठ नेता हाट गांव निवासी दीवान सिंह भंडारी ने डीडीहाट जिले की मांग को समर्थन दिया है। उनका कहना है कि लंबे समय से डीडीहाट जिला बनाने की मांग की जा रही है। इसके बाद भी जिला बनाने को लेकर कोई प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने वर्ष 2011में डीडीहाट जिले की घोषणा की थी। वर्तमान में प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार है सरकार को जिला बनाने को लेकर देरी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने मांग को गंभीरता से नहीं लिया तो संघ का शिष्टमंडल केंद्रीय नेेतृत्व से डीडीहाट जिले की मांग करेगा।