पिथौरागढ़। डीडीहाट क्षेत्र के नापड़ वन पंचायत में अवैध रूप से काटी गई तुन की 200 बल्लियां बरामद हुई हैं। वन विभाग ने लकड़ी को कब्जे में ले लिया है। वन विभाग संरक्षित तुन के पेड़ों को काटने वालों का पता लगाने में जुट गया है।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार डीडीहाट वन क्षेत्राधिकारी को थल क्षेत्र के नापड़ वन पंचायत में अवैध रूप से तुन के पेड़ काटकर बल्लियां बनाने की सूचना मिली। इसके बाद वन क्षेत्राधिकारी राजेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में वन दरोगा और वन रक्षकों की टीम मौके पर पहुंची।
मौके पर तुन की 200 बल्लियां बरामद हुई, जबकि टीम के पहुंचने की भनक लगते ही पेड़ काटने वाले मौके से भाग गए। बड़ी संख्या में तुन की लकड़ी बरामद होने की सूचना वन क्षेत्राधिकारी ने डीएफओ विनय भार्गव को दी। डीएफओ के निर्देश पर बल्लियों को कब्जे में लिया गया।