पिथौरागढ़। नगर में बाइकरों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को सिल्थाम में तेज रफ्तार स्कूटी सवार एक युवक ने कॉलेज से घर जा रही छात्रा को टक्कर मारकर घायल कर दिया।
शनिवार को बास्ते निवासी छात्रा अनीता कॉलेज से घर लौट रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कूटी सवार ने छात्रा को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से छात्रा सड़क पर गिर गई, उसके सिर पर गंभीर चोट आई। इसके बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। मौके पर यातायात ड्यूटी में तैनात जवान अर्जुन आर्या, उमेश गिरी और हेम माहरा ने बिना हेलमेट के तेज रफ्तार स्कूटी चला रहे युवक को पकड़ लिया।
इस मामले में घायल छात्रा की ओर से टक्कर मारने वाले युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। इधर सड़कों पर बाइकरों पर कार्रवाई नहीं होने से लोगों में गुस्सा है। बाइकर आए दिन सड़कों पर लोगों को टक्कर मारकर घायल कर रहे हैं। नगरवासियों ने पुलिस प्रशासन से ऐसे बाइकरों को सीसीटीवी की मदद से चिन्हित कर कार्रवाई करने की मांग की है।