पिथौरागढ़। वड्डा चौकी पुलिस ने आईपीएल में सट्टा लगा रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए व्यक्ति से 27900 रुपये की नकदी भी बरामद हुई है। युवक के खिलाफ जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत थाना जाजरदेवल में मुकदमा दर्ज किया गया है।
शुक्रवार को अपराह्न तीन बजे वड्डा चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक किशोर पंत के नेतृत्व में पुलिस टीम सैन्य क्षेत्र भड़कटिया में चेकिंग कर रही थी। इस दौरान भड़कटिया गेट के पास सार्वजनिक स्थान पर जगदीश चंद्र सट्टा लगाते पकड़ा गया। उसके पास से सट्टा पर्ची के साथ 27900 रुपये बरामद हुए। इस मामले में पकड़े गए सट्टेबाज के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 13 के अंतर्गत थाना कोतवाली पिथौरागढ़ में अभियोग पंजीकृत किया गया। चौकी प्रभारी ने बताया कि सट्टे में लिप्त अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
सट्टेबाज को गिरफ्तार करने वाली टीम में कांस्टेबल दयाल गिरी, प्रदीप कुमार शामिल रहे। पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय में आईपीएल क्रिकेट में सट्टेबाजी का यह तीसरा मामला है। इससे पूर्व सट्टेबाजी कर रहे दो युवकों को नकदी समेत गिरफ्तार किया था। पुलिस अधीक्षक रामचंद्र राजगुरु का कहना है कि सट्टेबाजों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर सभी थाना पुलिस को लगातार चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं। जो भी इस तरह के धंधों में लिप्त पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।