बदहाल पड़ी धारचूला-रांथी सड़क।
- फोटो : PITHORAGARH
धारचूला (पिथौरागढ़)। सीमांत तहसील धारचूला के रांथी गांव को जोड़ने वाला मोटर मार्ग रखरखाव के अभाव में खड़ंजे में तब्दील हो गया है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इस सड़क के चौड़ीकरण के लिए मुख्यमंत्री की ओर से की गई घोषणा पर भी आज तक अमल नहीं हुआ है। इससे नाराज लोगों ने अब लोक निर्माण विभाग के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है।
15 हजार की आबादी वाले रांथी क्षेत्र के लोगों को यातायात सुविधा का लाभ पहुंचाने के लिए हल्का वाहन मोटरमार्ग का निर्माण वर्ष 1991-92 में हुआ था। सड़क पर प्रतिदिन 15 से 20 सवारी गाड़ी और 10 से 15 माल वाहक चलते हैं लेकिन लोक निर्माण विभाग की लापरवाही से यह सड़क खड़ंजे में तब्दील हो गई है। मार्ग पर गड्ढे ही गड्ढे हैं।
चुनाव में ही आती है याद
क्षेत्रवासियों का कहना है कि रांथी क्षेत्र की जनता की याद राजनीतिक दलों और नेताओं को केवल चुनाव के समय ही आती है। मुख्यमंत्रियों की घोषणा के बाद भी बदहाल पड़ी इस सड़क का चौड़ीकरण नहीं किया जा रहा है।
आश्वासन देने तक ही सीमित अधिकारी
सामाजिक कार्यकर्ता केशर सिंह धामी ने बताया कि लोक निर्माण विभाग ने भी इस सड़क की बदहाली पर कोई ध्यान नहीं दिया है। उनका कहना है कि खराब मार्ग की जानकारी देने पर अस्कोट डिविजन के ईई ने एक सप्ताह के भीतर मजदूरों को लगाकर मार्ग सुधार का आश्वासन दिया है। यदि लोक निर्माण विभाग सड़क के गड्ढों को पाटकर सुधार नहीं करता है तो अधिकारियों का घेराव किया जाएगा।