ब्लाक पौड़ी के वैद्यगांव और खिर्सू ब्लाक के फरासू गांव में ग्रामीणों ने नगर निगम के विरोध में मशाल जुलूस निकालकर विरोध जताया। कहा कि उनकी मर्जी के विपरीत उन्हें जबरन नगर निगम में शामिल करवाने की कोशिश की जा रही है।
वैद्यगांव बिल्वकेदार के ग्रामीणों ने हाथों में मशाल लेकर श्रीनगर-देहलचौरी मार्ग सहित गांव में जुलूस निकाला। प्रधान पुष्पा उनियाल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सरकार और उच्चशिक्षा, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा मंत्री डा. धन सिंह रावत के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद आयोजित बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि नगर निगम में शामिल होने से मनरेगा पर निर्भर कई परिवारों के समक्ष रोजी रोटी का संकट पैदा हो जाएगा। जबकि भवन आदि निर्माण के लिए नक्शा पास करवाने में पैसा खर्च करने के साथ ही लोगों को आफिसों के चक्कर लगाने पड़ेंगे। इस मौके पर अभिषेक उनियाल, सुभाष भट्ट, बलदेव सिंह नेगी, भगवती पोखरियाल, हरिश उनियाल, तेजपाल गुसांई, रणजीत नेगी, अजयपाल राणा, विष्णु दत्त भट्ट, आरती भट्ट, निशा बलूनी, कुसुम गिरी, यशोदा बिष्ट, रेखा, विनिता, माहेश्वरी, अरूणी देवी आदि मौजूद थे। दूसरी ओर फरासू गांव में भी ग्रामीणों ने मशाल जुलूस निकाला।