श्रीनगर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विवि में एक मई से समस्त शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों (नियमित, नियत वेतन एवं आउटसोर्स) की बायोमीट्रिक उपस्थिति होगी। विवि के कुलसचिव की ओर से इस संदर्भ में आदेश जारी किए गए हैं। इसके लिए विवि के परिसरों सहित प्रशासनिक भवन में बायोमीट्रिक उपस्थिति के सात स्थान निर्धारित किए गए हैं।
गढ़वाल केंद्रीय विवि में अप्रैल के शुरूआत में नियमित कर्मचारियों के लिए बायोमीट्रिक उपस्थिति का आदेश जारी किया गया था, जिस पर केवल कर्मचारियों के लिए ही यह आदेश लागूृ किए जाने पर कर्मचारियों ने इसका विरोध किया था, जिसके कारण बायोमीट्रिक उपस्थिति लागू नहीं हो पाई। अब विवि ने समस्त शिक्षकों सहित नियमित व नियत वेतन व आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए भी यह व्यवस्था लागू कर दी है। हालांकि विवि ने आदेश में कहा गया है कि बायोमीट्रिक उपस्थिति की प्रक्रिया एक मई से अग्रिम आदेश तक परीक्षा के तौर पर अपनाई जा रही है।
बायोमीट्रिक उपस्थिति के सफल कार्यान्वयन होते ही कार्यालय समय पांच दिवसीय किए जाने का परिपत्र पृथक से जारी किया जाएगा। विवि के कुलसचिव डाॅ. धीरज शर्मा ने आदेश में कहा है कि यह व्यवस्था विवि के बिड़ला, चौरास, पौड़ी, टिहरी परिसरों, विवि के देहरादून स्थित उप कार्यालय सहित प्रशासनिक भवन में लागू होगी। आदेश में कहा गया है कि विवि मुख्यालय स्थित जनसंपर्क अधिकारी कार्यालय, बिड़ला परिसर एसीएल भवन, हैप्रक, चौरास परिसर में एएसी, सिक्योरिटी पोस्ट, मेन गेट सिक्योरिटी पोस्ट, टिहरी व पौड़ी परिसर में निदेशक कार्यालय व देहरादून में विवि के उप कार्यालय में बायोमीट्रिक मशीनें लगाई गई हैं।