कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के लिए सोशल मीडिया पर अपशब्द कहने और धमकी देने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी लोगों को भड़काने का काम कर रहा है। साथ ही पूर्व में उस पर एक और मुकदमा दर्ज था।
6 सितंबर को श्रीकोट गंगानाली निवासी राजेंद्र बिष्ट ने कोतवाली में तहरीर दी थी। तहरीर के अनुसार, उनके निर्माणाधीन क्रशर प्लांट पर कुछ दिन पूर्व ग्रामीणों ने विरोध किया। इस विरोध में नवीन पांडेय निवासी ग्राम चौंड भरपूर (टिहरी) हाल निवासी नर्सरी रोड गो सदन श्रीनगर शामिल हुआ। उसने भीड़ के बीच में कैबिनेट मंत्री के लिए बहुत ही असभ्य एवं अपमानजनक शब्द कहे। उसने मंत्री की छवि धूमिल करने के लिए उक्त वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया। तहरीर के आधार पर नवीन के खिलाफ अपमानजनक बातों का प्रसार करने, गाली-गलौच और धमकी देने का केस दर्ज हुआ। एसएसआई रणवीर रमोला ने बताया कि आरोपी को चौरास पुल तिराहे से गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पूर्व उसके खिलाफ महामारी अधिनियम और आपदा प्रबंधन अधिनियम में भी केस दर्ज हो चुका है।