विकासखंड कार्यालय पाबौ के जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने औचक निरीक्षण कर नाराजगी जताई। इस दौरान विभिन्न पंजिकाओं में खामियां पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारी एवं लेखाकार से स्पष्टीकरण देने को कहा।
बुधवार को विकासखंड मुख्यालय पाबौ पहुंचे जिलाधिकारी डा. जोगदंडे ने निरीक्षण पंजिका, संपत्ति, डिस्पेच, सेवा पुस्तिका, जीपीएफ पंजिका, सेवा नियमावली पुस्तिका, संदर्भ, उपस्थिति और भ्रमण पंजिका का अवलोकन किया। पंजिकाओं में खामियां मिलने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए कि भ्रमण करने वाले कर्मियों का भ्रमण पंजिका में नाम दर्ज करें। उन्होंने विधायक निधि का लेखा जोखा भी सही रूप से व्यवस्थित रखने को कहा। इस दौरान विभिन्न गांवों से पहुंचे जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को समस्याओं से भी अवगत करवाया। साथ ही विकास खंड में सहायक समाज कल्याण अधिकारी की तैनाती की मांग की गई। इस मौके पर प्रमुख डॉ. रजनी रावत, एडीओ पंचायत मदन मोहन पहाड़ी, चंद्रमोहन, राहुल बंगवाल, विमल प्रसाद भट्ट आदि मौजूद थे।