कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के बिजरानी रेंज में बाघ एक शावक को खा रहा था। गश्त के दौरान यह नजारा देख वनकर्मियों ने हवाई फायरिंग कर बाघ को भगाया और पर्यटकों के लिए मार्ग को एक दिन के लिए बंद कर दिया गया।
बिजरानी रेंज के रेंजर भानु प्रकाश हर्बोला ने बताया कि रविवार सुबह बिजरानी रेंज के जड़पहाड़ मार्ग पर गश्त के दौरान वनकर्मियों को बाघिन के शावक को खाते हुए एक बाघ नजर आया। बाघ उस शावक को पूरी तरह से खा चुका था।
एहतियात के तौर पर वनकर्मियों ने हवाई फायर करते हुए बाघ को मौके से भगाया। पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए एक दिन के लिए जड़पहाड़ मार्ग को बंद किया था। बाघ पर नजर रखने के लिए हाथियों की मदद से अभियान भी चलाया लेकिन वह नजर नहीं आया। सोमवार सुबह मार्ग पर्यटकों के लिए खोल दिया।
ये पढ़ें- Crime: पहले तलाक करा दिया...फिर शादी के नाम पर दुष्कर्म, वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग किया; महिला ने बताई आपबीती
नौल, बिजरौली, नौकुचियाताल में तेंदुए का आतंक
भीमताल नगर पंचायत क्षेत्र के बिजरौली, बिलासपुर, नौल, नौलधारा, बोहरागांव, थपलिया मेहरागांव और नौकुचियाताल क्षेत्र में कुछ समय से तेंदुआ आबादी वाले क्षेत्र में दिखाई दे रहा है। तेंदुआ कई मवेशियों को निवाला बना चुका है। तेंदुए के दिखाई देने से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। सामाजिक कार्यकर्ता पूरन बृजवासी ने क्षेत्र में तेंदुए के दिखने की सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी है। बृजवासी ने क्षेत्र में पिंजरा लगाने के साथ गश्त बढ़ाने की मांग की है।