भवाली (नैनीताल)। शासन से सोमवार को भवाली बाईपास में श्मशान घाट के पास शिप्रा नदी पर 30 मीटर स्पान पुल के लिए 5.46 करोड़ की धनराशि स्वीकृत हो गई है। धनराशि स्वीकृत होने के साथ लोनिवि की ओर से टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। स्पान पुल बनने से लोगों को भवाली बाजार में लगने वाले जाम की समस्या से निजात मिलेगी।
स्पान पुल बनने से अल्मोड़ा, बागेश्वर, रानीखेत, पिथौरागढ़, धारचूला को आने और जाने वाले यात्री भवाली बाजार के बजाय श्मशानघाट से सेनिटोरियम होते हुए नैनीबैंड बाईपास होते हुए गंतव्य तक पहुंच पाएंगे। लोनिवि के जेई कमल पाठक ने बताया कि वर्ष 2005 से भवाली के श्मशान घाट के पास स्पान पुल निर्माण की मांग उठ रही थी। इसके लिए लोनिवि की ओर से शासन को आकलन भेजा गया था। सोमवार को पुल निर्माण के लिए 5.46 करोड़ रुपये शासन से मंजूर हो गए हैं। निवर्तमान पालिकाध्यक्ष संजय वर्मा ने कहा कि पुल बनने से नगर में जाम की समस्या से छुटकारा मिलेगा।
भंडारपानी, भलौन और पाटकोट में बनेंगे पुल, लोनिवि ने डीपीआर बनाकर शासन को भेजा
रामनगर (नैनीताल)। भंडारपानी, भलौन और पाटकोट में 71.20 लाख रुपये से तीन पुल बनाए जाएंगे। पुलों की डीपीआर बनाकर शासन को भेज दी है। डीपीआर स्वीकृत होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
रामनगर के भंडारपानी, भलौन और पाटकोट के नालों से बरसात में आवाजाही के दौरान ग्रामीणों को जोखिम उठाना पड़ता है। कई बार जोखिम के बीच आवाजाही करने से लोगों को जान भी गंवानी पड़ी है। रामनगर निवासी समाजसेवी हरीश चंद्र सती ने लोनिवि मंत्री सतपाल महाराज को ज्ञापन सौंपकर भंडारपानी व भलौन में ककराड़ स्रोत एवं पाटकोट में पिरमुली स्रोत पर पुल निर्माण की मांग उठाई थी। मंत्री के निर्देश पर लोनिवि विभाग ने डीपीआर तैयार कर शासन में भेज दी है।
लोनिवि के अधिशासी अभियंता रविंद्र कुमार ने बताया कि भंडारपानी में 120 मीटर लंबा पुल 25.20 लाख रुपये में बनेगा। अमगढ़ी पाटकोट मार्ग पर भलौन में 150 मीटर और पाटकोट में 80 मीटर लंबे पुल 46 लाख रुपये से बनेंगे। शासन से शासकीय अनुमोदन एवं वित्तीय स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। इन पुलों के बनने से विकासखंड रामनगर, कोटाबाग, बेतालघाट आदि क्षेत्रों के ग्रामीणों को लाभ मिलेगा।