नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लालकुआं साढ़े पांच सालों से चर्चाओं में है। इस दौरान दुग्ध संघ में जमकर घोटाले सामने आए। कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत की जांच में पश्मीना रजाई, कंबल घोटाला, अधोमानक और मिलावटी दूध की शिकायतें सही पाई गईं थीं।
दुष्कर्म मामले के आरोपी भाजपा नेता मुकेश बोरा साढ़े पांच साल से नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ में अध्यक्ष के पद पर कार्यरत है। साथ ही वह दो साल से यूसीडीएफ के प्रशासक पद पर कार्यरत थे। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लालकुआं के पूर्व जीएम निर्भय नारायण सिंह के खिलाफ जनवरी 2024 में शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू हुई थी। उन पर दुग्ध संघ में टेंडर वितरण, सूचना प्रकाशन, कंबल खरीद और कमेटी के दक्षिण भारत भ्रमण के दौरान दुग्ध संघ की कमाई के लाखों रुपये अनावश्यक तौर पर खर्च करके लाखों का घोटाला करने का आरोप था।
कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत की ओर से जांच किए जाने पर आरोप सही पाए गए थे। कुमाऊं कमिश्नर की जांच रिपोर्ट में शासन ने रिपोर्ट के आधार पर निर्भय नारायण सिंह को जीएम के पद से हटा दिया था। इसके बाद डेयरी विकास निदेशालय देहरादून के सचिव विनोद कुमार सुमन ने नोटिस जारी किया था, जिसमें उन्होंने पूर्व जीएम से आठ बिंदुओं पर लिखित जवाब मांगा था।
मुकेश बोरा के कार्यकाल में ये लगे थे आरोप -
- हजारों लीटर अधोमानक दूध खरीदने का मामला सामने आया था।
- राजस्थान से एक ही टैंकर से तीन दिन लगातार दूध आने का मामला सामने आया था।
- एजीएम के लिए पश्मीना रजाई और कंबल खरीदे गए। इसकी जांच में घोटाला सामने आया।
- बिना टेंडर के लाखों की खरीद का मामला भी सामने आया था।
- साढे पांच साल के कार्यकाल में पांच जीएम बदलना बना था चर्चा का विषय।
- नैनीताल दुग्ध संघ ने पहली बार आठ करोड़ की बैंक से लिमिट बनाकर पैसा कर्ज लिया।
- दूध ढ़लाई में लगे वाहनों के भाड़े में बेहताशा वृद्धि करने का आरोप लगा था।
- रिस्तेदारों को दुग्ध संघ में लगाने का लगा आरोप।
- मैन पावर के ठेके अपने लोगों को देने के लगे आरोप।
मुकेश बोरा भाजपा में नहीं है : प्रताप बिष्ट
नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा और उसके चालक पर दुष्कर्म और धमकाने का मामला सामने आया था। इसके बाद उस पर मुकदमा दर्ज हो गया। मुकदमा दर्ज होने के बाद भाजपा ने इससे पल्ला झाड़ लिया है। भाजपा के जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट ने कहा कि मुकेश बोरा उनकी पार्टी में कोई दायित्वधारी नहीं है और ना ही वह पार्टी का सदस्य है।
राज्य में बढ़ रहा महिला उत्पीड़न