थल (पिथौरागढ़)। मुनस्यारी के दूरस्थ गांव रांथी के संजय कुमार ने वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनकर अपने गांव का नाम रोशन किया है। 19 जून को उन्हें वायुसेना केंद्र हैदराबाद में फाइटर फ्लाइट की उपाधि मिली है।
संजय की प्रारंभिक शिक्षा केवीएम पब्लिक स्कूल हल्द्वानी से कक्षा छह से इंटर तक की शिक्षा सैनिक स्कूल घोड़ाखाल से हुई है। वर्ष 2017 में इंटर के साथ ही होनहार संजय का चयन एनडीए से वायुसेना के लिए हुआ था।
तीन वर्ष पूना एनडीए में गहन प्रशिक्षण लेने के बाद संजय ने एयर फोर्स एकेडमी हैदराबाद में युद्धक विमान चलाने के एक साल की कठिन प्रशिक्षण को पास किया।
19 जून को एक परेड में उन्हें फाइटर फ्लाइट की रैंक से नवाजा गया। लॉकडाउन की वजह से उनके माता, पिता इस सेरेमनी में शामिल नहीं हो सके। संजय के पिता दीवानी राम वन विभाग हल्द्वानी में ड्राफ्ट्समैन हैं जबकि माता गीता देवी गृहिणी हैं।
संजय के बड़े भाई डॉ. लोकेश कुमार गुरुकुल हरिद्वार में आयुर्वेदिक सर्जरी विभाग से स्नातकोत्तर के छात्र हैं। दूसरे भाई डॉ. गौरव कुमार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुनस्यारी में मेडिकल ऑफिसर हैं। सबसे छोटा भाई अंकित कुमार छात्र है।
संजय के दादा सोबन राम और दादी सुपली देवी अपने पोते की उपलब्धि से गदगद हैं। संजय की उपलब्धि से गांव में खुशी की लहर है।
प्रधान लवराज आर्या, भगत बिष्ट, भगत नित्वाल, दीवान मप्वाल, माधव राम, गंगनाथ के पुजारी हरीश बाबा ने गांव और जिले का नाम रोशन करने पर संजय को बधाई दी है।