हल्द्वानी। धनतेरस और दीपावली के मद्देनजर पुलिस ने 31 अक्तूबर से लेकर चार नवंबर तक के लिए रूट डायवर्जन लागू कर दिया है। यह डायवर्जन सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक लागू रहेगा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने व्यापारियों के साथ बैठक कर सहमति से यह निर्णय लिया। बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह, एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्र, नगर निगम के आयुक्त पंकज उपाध्याय, सीओ शांतनु पाराशर, कोतवाल अरुण कुमार सैनी आदि मौजूद थे।
ऐसे जाएंगे बड़े वाहन
-रामपुर रोड से पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले सभी बडे़ वाहनों को पंचायत घर होते हुए छड़ायल, सेंट्रल अस्पताल तिराहा, लालडांठ कॉलटैक्स तिराहा से काठगोदाम की ओर भेजा जाएगा।
-बरेली रोड से आने वाले बडे़ वाहनों को होंडा शोरूम तिराहा, टीपीनगर, छड़ायल, सेंट्रल अस्पताल तिराहे से लालडांठ, काठगोदाम की ओर भेजा जाएगा।
-कालाढूंगी की ओर से आने वाले बडे़ वाहनों को लालडांठ तिराहा, पनचक्की, हाइडिल, कॉलटैक्स तिराहा से नैनीताल रोड की ओर भेजा जाएगा।
-भीमताल और नैनीताल रोड की ओर से आने वाले बडे़ वाहनों को कॉलटैक्स से डायवर्ट कर लालडांठ सेंट्रल अस्पताल तिराहा से छड़ायल, टीपीनगर या पंचायत घर से देवलचौड़ तिराहा होते हुए मंडी की ओर भेजा जाएगा।
गौलापुल और रेलवे क्रॉसिंग से शहर के अंदर बड़े वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा।
रोडवेज बसों और निजी बसों का डायवर्जन
-रामपुर रोड से आने वाली बसों को टीपीनगर तिराहा से आईटीआई रोड, कैंसर तिराहा, धानमिल तिराहा से मुखानी से पनचक्की, हाईडिल तिराहे की ओर भेजा जाएगा।
-बरेली रोड से आने वाली रोडवेज और अन्य प्राइवेट सिडकुल की बसों को तीनपानी तिराहा से गौला बाईपास होते हुए गौला रेलवे क्रॉसिंग ताज चौराहा से तिकोनिया की ओर भेजा जाएगा।
-कालाढूंगी रोड की ओर से आने वाली सभी बसों को लालडांठ तिराहा, पनचक्की तिराहा से हाईडिल, कॉलटैक्स तिराहे से हल्द्वानी जाएंगी।
-रोडवेज स्टेशन हल्द्वानी से बरेली रोड, रामपुर रोड की ओर जाने वाली रोडवेज बसों को केमू स्टेशन से ताज चौराहा होते हुए गौला बाईपास रोड की ओर भेजा जाएगा।
-रोडवेज स्टेशन से कालाढूंगी रोड की ओर जाने वाली रोडवेज बसों को केमू स्टेशन तिराहा से तिकोनिया होते हुए हाईडिल तिराहा नैनीताल रोड से डायवर्ट कर पनचक्की होते हुए लालडांठ से कालाढूंगी रोड की ओर भेजा जाएगा।
स्टेडियम में पार्किंग की व्यवस्था होगी
सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह ने बताया कि धनतेरस से लेकर दीपावली तक के लिए पार्किंग की व्यवस्था ओके होटल के सामने स्पोर्ट्स स्टेडियम में कराई जाएगी। सीओ यातायात प्रमोद शाह ने बताया कि नैनीताल रोड की तरफ से आने वाले वाहन कोऑपरेटिव बैंक के बगल से जाने वाली सड़क से होते हुए स्टेडियम में खड़े कराए जाएंगे। व्यवसायियों से वाहनों को सरस मार्केट में खड़ा करने का अनुरोध किया है। रामपुर रोड से आने वाले छोटे वाहनों को सरगम टॉकीज के समीप खड़ा कराया जाएगा। बरेली रोड के वाहन लक्ष्मी शिशु मंदिर में खड़े किए जाएंगे। अभी और पार्किंग के लिए स्थान लिए जाएंगे। इस मामले में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी प्रयासरत हैं। रामलीला मैदान में पटाखा बाजार लगेगा। इस कारण वहां पार्किंग नहीं होगी।
ठेलेवालों के लाइसेंस की होगी जांच
पुलिस और नगर निगम की टीम संयुक्त रूप से ठेले वालों की जांच करेगी। सिर्फ लाइसेंसधारी ठेले वाले ही बाजार में सामान बेंचेगे। लाइसेंस नहीं होने पर ठेले वाले बाहर किए जाएंगे ताकि सड़क पर निर्बाध रूप से चलता रहे।
सड़क पर बनाई जाएंगी सफेद पट्टी
बैठक के दौरान यह बात सामने आई कि बाजार में कुछ लोग दुकान के सामने फड़ लगवाकर पैसा वसूलते हैं। इस मामले में नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय ने कहा कि सड़क पर अतिक्रमण रोकने के लिए सफेद पट्टी खींची जाएगी। कोई दुकानदार सड़क पर अतिक्रमण नहीं करेगा। इस व्यवस्था से बाजार आने वाले ग्राहकों को खरीदारी में दिक्कत नहीं होगी।