हल्द्वानी। मंगलवार दिन में ठंडी हवा चलने और हल्की बौछारें पड़ने से मौसम सुहावना हो गया। इससे गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने नैनीताल, बागेश्वर, पिथौरागढ़ समेत पर्वतीय जिलों में अगले चार दिन तक तेज और भारी बारिश की संभावना जताई है। हल्द्वानी का अधिकतम तापमान एक डिग्री घटकर 32.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर का अधिकतम 19.5 और न्यूनतम 16.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। (संवाद)
बारिश के बाद नैनीझील का जलस्तर 10 फीट पांच इंच पहुंचा
नैनीताल। नगर में मंगलवार को मौसम का मिलाजुला असर देखने को मिला। नगर में बीते 24 घंटों से रुक-रुककर हो रही बारिश के बाद नैनीझील का जलस्तर एक इंच बढ़ने के बाद 10 फीट साढ़े 5 इंच पहुंच गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी प्रताप सिंह बिष्ट के मुताबिक 24 घंटे के भीतर 4.5 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। नैनी झील नियंत्रण कक्ष के प्रभारी रमेश सिंह गैड़ा के मुताबिक जलस्तर एक इंच बढ़ने के बाद 10 फीट साढ़े 5 इंच पहुंच गया है।